समस्‍तीपुर

प्रॉपर्टी डीलिंग बना खूनी खेल, जमीन विवाद में शहर में बढ़ीं हत्याएं और फायरिंग की घटनाएं

हथियार के बल पर जमीन कब्जा करने का गिरोह सक्रिय, प्रॉपर्टी डीलर हत्या में सोना लुटेरे का आ चुका है नाम

Samastipur : शहर और उसके आसपास के इलाकों में जमीन की कीमतें आसमान को छू रही हैं। इसको लेकर अब शहर में पिछले एक-डेढ़ सालों में फिर से बंदूक के गरजने लगी है। हत्या और फायरिंग की घटनायें अब आये दिन देखने और सुनने को मिल रही है। उससे पूर्व बीच के एक-दो वर्षों के दौरान इस मामले में शहर पहले और अभी की अपेक्षा थोड़ा शांत नजर आया था। शहर में प्रॉपर्टी डीलिंग में कई हत्याएं और फायरिंग की कई घटनाओं के कारणों का पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत डबल मर्डर मामला भी प्रॉपर्टी डीलिंग के विवाद से जुड़ा हुआ था। वहीं, मगरदही मोहल्ले में बीते वर्ष हुए इंटर के छात्र की हुई हत्या भी प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़ी हुई थी, लेकिन पुलिस ने इसमें भी कोई समुचित कार्रवाई नहीं की। अभी हाल ही में ताजपुर में हुए मर्डर मामला भी प्रॉपर्टी डीलिंग से जुड़ा हुआ था। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मगरदही में बीते महीने जमीन पर कब्जा को लेकर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, पुलिस ने सात खोखा बरामद किया था। इस मामले में भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर सकी है। शहर के बहादुरपुर मोहल्ले में सिने व्यवसायी के ऊपर हमला और एक युवक को गोली मारकर घायल करने का मामला भी प्रॉपर्टी डीलिंग से उपजा विवाद बताया जा रहा है। वहीं, मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मोहनपुर में प्रॉपर्टी डीलर गौरव मोहन को गोली मारकर घायल करने का मामला आज तक लंबित है।

जेसीबी से मकान व दुकान को कर दिया था क्षतिग्रस्त, सूचना के घंटों बाद पहुंची थी पुलिस

नगर थाना क्षेत्र स्थित पुरानी पोस्ट ऑफिस रोड काली मंदिर के पास 11 अगस्त 2025 को दिनदहाड़े हथियार से लैस दबंगों ने जमीन कब्जा करने के उद्देश्य से महिला रेलकर्मी के मकान व दुकान को जेसीबी से क्षतिग्रस्त कर दिया था। हथियारबंद बदमाशों ने करीब आधे घंटे तक उपद्रव मचाया था, जिससे बाजार में दहशत फैल गई थी। पीड़ित पक्ष ने जमीन विवाद को लेकर भू-माफिया जबरन कब्जे की कोशिश करने का आरोप लगाया था और पूर्व में भी तोड़फोड़ की घटनाओं के बारे में बताया था। बदमाश सीसीटीवी कैमरे भी तोड़कर फरार हो गए थे। वहीं, सूचना मिलने के कई घंटे बाद पुलिस वहां पहुंची थी, लेकिन तब तक बदमाश अपना काम कर चुके थे।

फर्जी तरीके से जमीन लिखवाने और हथियार के बल पर कब्जा करने का गिरोह है सक्रिय, गिरफ्तारी नहीं

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों के जरिए जमीन कब्जाने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया था। पुलिस ने दो कुख्यात अपराधियों समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। 17 अगस्त को मोहनपुर में जमीन कब्जाने को लेकर हथियार से लैस 30-35 बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया था। पुलिस के अनुसार, भू-माफिया रामजीवन पासवान व कुंदन कुमार राय ने सफेदपोशों की मिलीभगत से जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर कब्जे की साजिश रची थी। जेल में बंद अपराधी की संलिप्तता भी सामने आई थी। यह गिरोह संगठित होकर काम करता है और अवैध रूप से जमीन लिखवाने और अपराधियों के बल पर उस पर कब्जा करने का काम करता है। इस मामले में अन्य आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

प्रॉपर्टी डीलर हत्याकांड में सोना लूट के आरोपी का भी आया था नाम सामने

काशीपुर मोहल्ला में प्रॉपर्टी डीलर मुकेश कुमार चौधरी उर्फ रिंकू चौधरी की अपराधियों ने 28 सितंबर 2020 को गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या मोहनपुर स्थित एक प्लॉट विवाद को लेकर विरोधी प्रॉपर्टी डीलर गुट ने सुपारी देकर कराई गई थी। हालांकि पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता का नाम उजागर नहीं किया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियारों के साथ चार बदमाशों को गिरफ्तार किया था, जिन्होंने सुपारी लेकर हत्या करने की बात स्वीकार की थी। गिरफ्तार आरोपियों में शीतलपट्टी के रामजीवन पासवान व कुंदन कुमार, हरपुर एलौथ के अमरजीत कुमार झा तथा मथुरापुर के बारिक मियां शामिल हैं। अमरजीत कुमार झा सोना लूट मामले में आरोपी रह चुका है।

———————————————

ऐसी घटनाओं के बाद पुलिस के द्वारा आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाती है। ऐसे गिरोह को चिन्हित कर उनके नेटवर्क को ध्वस्त किया जा रहा है।

संजय कुमार पाण्डेय, एएसपी सह सदर एसडीपीओ-1, समस्तीपुर 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *