कल्याणपुर से कांग्रेस का टिकट दिलाने के नाम पर ठगी का प्रयास, क्रॉस-चेक करने पर हुआ खुलासा
- समस्तीपुर जिले के कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट के एक दावेदार को फर्जी कॉल आने के बाद टिकट दिलाने के नाम पर चल रहे ठगी के खेल का खुलासा हुआ है। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के इच्छुक एक उम्मीदवार आवेदक को फोन कर ठगने के प्रयास का मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, इच्छुक उम्मीदवार को अज्ञात बदमाशों ने फोन कर खुद ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी का ऑब्जर्वर बताया और कहा कि बधाई हो, स्क्रीनिंग कमेटी में आपका नाम तीसरे नंबर पर हैं। अगर इसे पहले नंबर पर करवाना चाहते हैं, तो बताइए। इच्छुक टिकटार्थी इससे काफी उत्साहित हो जाता है और सौदेबाजी तक की स्थिति बन जाती है। लेकिन क्रॉस-चेक करने पर पता चलता है कि जिस नंबर और नाम से कॉल आई थी, उसका कोई अस्तित्व ही नहीं है।
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले ही सीट बंटवारे को लेकर उत्सुक टिकटार्थियों की भीड़ पटना स्थित सदाकत आश्रम में उमड़ रही है। इसी भीड़ को निशाना बनाकर दलालों का गिरोह सक्रिय हो गया है। ये लोग कमजोर राजनीतिक नेटवर्क लेकिन मजबूत आर्थिक क्षमता वाले आवेदकों को टारगेट कर लाखों रुपये में टिकट दिलाने का दावा कर रहे हैं। यहां तक कि दिल्ली ले जाकर राष्ट्रीय नेताओं से मिलवाने का लालच भी दिया जा रहा है। कई टिकटार्थी इनके झांसे में फंसकर मोटी रकम गंवा भी चुके हैं।
प्रदेश कांग्रेस ने इसे पार्टी की साख खराब करने की साजिश बताते हुए सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में किसी भी तरह का धन लेन-देन नहीं होता और ऐसे मामलों की तुरंत सूचना प्रदेश नेतृत्व को दी जानी चाहिए। गौरतलब है कि तीन महीने पहले बिहार चुनाव के लिए कांग्रेस ने 58 ऑब्जर्वर नियुक्त किए थे। इन्हीं के नाम पर भी दलाल पैसे ऐंठने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी नेताओं से मिलीभगत की बातें भी सामने आई हैं, हालांकि अब तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।

