अपहरण के बाद नाबालिग की हत्या मामले की डीआईजी ने की समीक्षा, लंबित रिपोर्ट प्राप्त कर निष्पादन का निर्देश
Samastipur: मिथिला प्रक्षेत्र की डीआईजी डॉ स्वप्ना गौतम मेश्राम ने ताजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीते जुलाई माह में हुए नाबालिग की हत्या मामले की शुक्रवार को समीक्षा की। ताजपुर थानाध्यक्ष शंकर शरण दास खुद इस कांड के अनुसंधान कर्ता हैं। डीआईजी डॉ स्वप्ना गौतम मेश्राम ने उन्हें लंबित एफएसएल जांच रिपोर्ट प्राप्त कर कांड का निष्पादन करने एवं अन्य दिशा-निर्देश दिया। बता दें कि सरायरंजन थाना क्षेत्र के नौआचक वार्ड नंबर 2 के वकील राय के पुत्र अमरजीत कुमार राय के 14 वर्षीय नाबालिग पुत्र की अपहरण के बाद हत्या हो गई थी। इसको लेकर उन्होंने ताजपुर थाना में आवेदन देकर ताजपुर थाना में 10 लोगों को नामजद किया था।
इसमें बताया था कि उनका पुत्र 12 जुलाई की शाम क्रिकेट मैच देखने नौआचक पोखर के पास गया था, वहीं से उनके पुत्र का अपहरण हो गया। बाद में 13 जुलाई की सुबह उनके पुत्र का शव ताजपुर थाना क्षेत्र के मोरवा खेदुटांर पोखर के सीढ़ी घाट पर मिला था। उन्होंने पूर्व से जमीनी विवाद को लेकर हत्या का आरोप लगाया था।

