समस्‍तीपुर

2000 लीटर से अधिक अवैध शराब बरामदगी वाले कांडों की डीआईजी ने की समीक्षा

Samastipur : मिथिला प्रक्षेत्र की डीआईजी ने बुधवार को समस्तीपुर जिले के चकमेहसी, ताजपुर, मुफ्फसिल और हथौड़ी थानों के अनुसंधानकर्ताओं के साथ बैठक कर 2000 लीटर से अधिक शराब बरामदगी से जुड़े मामलों की व्यापक समीक्षा की। बैठक के दौरान डीआईजी ने अनुसंधानकर्ताओं से प्रत्येक मामले की प्रगति रिपोर्ट ली और तस्करी नेटवर्क, लेन-देन की कड़ी, सप्लाई रूट और आरोपितों की संलिप्तता पर विस्तृत जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर बरामदगी वाले मामलों में अनुसंधान की गति और गुणवत्ता दोनों मजबूत होनी चाहिए, ताकि तस्करी के मूल स्रोत तक पहुंचकर कठोर कार्रवाई की जा सके।

डीआईजी डॉ स्वप्ना गौतम मेश्राम ने उपस्थित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्य, वाहन विवरण, कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज और फील्ड इनपुट को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही कोर्ट में प्रस्तुत किए जाने वाले केस-डायरी और चार्जशीट को समय पर और प्रमाणिक रूप से तैयार करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि थानों द्वारा की जा रही कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शराब तस्करी में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *