समस्‍तीपुर

क्राइम मीटिंग में एसपी ने थानाध्यक्षों को दिया रात्रि गश्ती तेज करने व ठंड में सर्तकता बढ़ाने का निर्देश

लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन और बैंक, सीएसपी व बड़े स्वर्ण प्रतिष्ठानों पर नियमित जांच का आदेश

समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मंगलवार को जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ क्राइम मीटिंग कर रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। क्राइम मीटिंग में सर्वप्रथम उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा चुनाव और मतगणना संपन्न कराने के लिए पुलिस अधिकारियों को धन्यवाद दिया। साथ ही लंबित कांडों की समीक्षा कर उन्हें जल्द से जल्द निष्पादित करने का निर्देश दिया। उन्होंने फरार अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी, बैंक और सीएसपी केंद्रों की दैनिक जांच तथा वाहन चेकिंग अभियान को और अधिक सख्ती से संचालित करने को कहा। क्राइम मीटिंग में एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि बढ़ते ठंड के दौरान अपराध की छोटी से छोटी घटना भी नहीं होनी चाहिए। रात्रि ड्यूटी की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। किसी भी लापरवाही की स्थिति में गश्ती दल को जवाबदेह ठहराते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि चुनाव के बाद अब सभी थाने अपने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था संधारण पर जोर देंगे। एएलटीएफ और मद्यनिषेध इकाई मिलकर अवैध शराब कारोबारियों पर छापेमारी करेगी और देशी शराब निर्माण पर रोक लगाने के साथ अधिकतम विनष्टीकरण करेगी। इसके अलावा सभी एसडीपीओ को अपने कार्यक्षेत्र के थानों में लक्ष्यों और लंबित कांडों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। डायल-112 के प्रभावी उपयोग, त्वरित एक्शन व संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया। साथ ही थानाध्यक्षों को गुंडा पंजी, पासपोर्ट सत्यापन, थाना सिरिस्ता, वारंट, कुर्की और संलिप्त माफियाओं की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

शनिवार को नियमित रूप से क्रिमिनल परेड, चौकीदार परेड और भूमि विवाद मामलों का निपटारा अंचलाधिकारी के साथ संयुक्त रूप से करने का भी आदेश दिया गया। इसमें सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पाण्डेय, मुख्यालय डीएसपी कृष्ण कुमार दिवाकर, साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक व ट्रैफिक डीएसपी आशीष राज सहित अन्य डीएसपी स्तरीय पदाधिकारी, सर्किल इंस्पेक्टर एवं थानाध्यक्ष उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *