चोरी की ई-रिक्शा बरामदगी के बाद नगर थाने से हुई गायब, पीड़ित लगा रहा थाने का चक्कर
कोर्ट आदेश लेकर ई-रिक्शा छुड़ाने थाने पहुंचा था पीड़ित, पर उससे पहले ही नगर थाने से गायब हो चुकी थी उसकी ई-रिक्शा
Samastipur : चोरी की एक ई-रिक्शा की बरामदगी के बाद नगर थाना से ही उसके गायब हो जाने का मामला सामने आया है। यह मामला तब उजागर हुआ, जब पीड़ित व्यक्ति अपनी ई-रिक्शा को रिलीज कराने के लिए कोर्ट का आदेश लेकर नगर थाना पहुंचा। वहां पहुंचने पर उसे पता चला कि पुलिस के द्वारा बरामद की गई उसकी ई-रिक्शा थाने से गायब है। वहीं, सबसे ताज्जुब की बात यह है कि ई-रिक्शा कहां है और कब व कैसे गायब हुई इसके संबंध में पुलिसकर्मियों को भी जानकारी नहीं है। मामला सामने आने के बाद नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने तत्काल इसकी जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार के पदभार संभालने से पहले का है। फिलहाल ई-रिक्शा के गायब होने को लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बरामद रिक्शा आखिर कहां गई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। बताते चलें कि अंगारघाट थाना क्षेत्र के डढ़िया असाधर के रामसुरत राय के पुत्र दिलीप राय की ई-रिक्शा पिछले वर्ष 20 अक्टूबर को नगर थाना क्षेत्र के ही पटेल मैदान स्टेडियम मार्केट के पास से अज्ञात चोरों के द्वारा चोरी कर ली गई थी। जिसके बाद उनके आवेदन पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध नगर थाना में एफआईआर दर्ज किया गया था।
वहीं, इस संबंध में नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि यह मामला उनके उनके संज्ञान में आया है। चोरी और बरामदगी का यह मामला काफी गंभीर है और उनके पदभार ग्रहण करने से पूर्व का है। केस के संबंधित आईओ से पूछा जा रहा है और वरीय पदाधिकारियों को इस संबंध में सूचित किया जाएगा।
नगर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव के कार्यकाल के दौरान बरामद हुई थी ई-रिक्शा, उसके बाद हो गई गायब
मिली जानकारी के अनुसार, तत्कालीन नगर थानाध्यक्ष शिव कुमार यादव के कार्यकाल के दौरान ही एक-दो महीने पहले चोरी हुई वह ई-रिक्शा पुलिस ने बरामद की थी। उसके बाद से ही वह रिक्शा नगर थाना कैंपस में लगी हुई थी। तत्कालीन थानाध्यक्ष ने पीड़ित को कोर्ट से रिलीज ऑर्डर लेकर आने के बाद ई-रिक्शा छोड़ने की बात कही थी। वहीं, इसी दौरान पीड़ित जब कोर्ट से ई-रिक्शा का रिलीज ऑर्डर लेकर आया तब तक नगर थाना के थानाध्यक्ष रहे शिव कुमार यादव का तबादला हो गया था और पुनि अजीत कुमार नगर थाने के नए थानाध्यक्ष बनाए गए थे। बरामद ई-रिक्शा नगर थाने से गायब है और इस कारण कोर्ट का आदेश लेकर नगर थाना पहुंचने पर भी पीड़ित को दूसरे-तीसरे दिन आने की बात कह कर टरकाया जा रहा है। उसके बाद से वह लगातार नगर थाने का चक्कर लगाने को मजबूर है। वहीं, इस संबंध में एसआई हरिलाल प्रसाद यादव ने बताया कि इस मामले में वह केस के आईओ थे। केस से संबंधित एफआरटी जमा किया जा चुका है। इससे अधिक और कुछ वह नहीं बता सकते हैं।
वहीं, बताते चलें कि नगर थाने वाहन गायब होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी यहां चोरी की घटना हो चुकी है। करीब तीन वर्ष पूर्व भी नगर थाने से अज्ञात चोरों ने पुलिस की ही अचीवर बाइक चोरी कर ली थी। उस बाइक को भी पुलिस आज तक बरामद नहीं कर सकी है और ना ही उस घटना में संलिप्त चोरों को गिरफ्तार कर सकी है।

