नाबालिग पुत्र को मोबाइल चलाने के लिए देना पड़ गया भारी, 2.82 लाख का हुआ साइबर फ्रॉड
Samastipur : नाबालिग बच्चे को मोबाइल चलाने के लिए देना एक दम्पति को भारी पड़ गया। इसका खामियाजा उन्हें दो लाख 82 हजार 252 रुपए के साइबर फ्रॉड का शिकार होकर चुकाना पड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार, मां के मोबाइल को चलाने के शौकीन एक किशोर से साइबर बदमाशों ने दो लाख 82 हजार 252 रुपए के साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है। इसको लेकर खानपुर थाना क्षेत्र के नत्थूद्वार के राम कुमार शर्मा की पत्नी उषा देवी ने साइबर थाना में आवेदन देकर एक अज्ञात मोबाइल नंबर के धारक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी है।
दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने कहा है कि उनका 16 वर्षीय पुत्र जो इण्टरमीडिएट का छात्र है। वह अक्सर उनका मोबाइल चलाता रहता है। इसी क्रम में उसने बीते सितंबर महीने में इंस्टाग्राम एप पर महाराष्ट्र मुंबई की एक कथित कंपनी का डीटेल देखा था और उसके विज्ञापन से प्रभावित होकर जानकारी लेने के क्रम में उसकी बात एक अज्ञात मोबाइल धारक से हुई। जिसने अपना नाम ललित सिंह बताया था। उसके प्रलोभन में फंसकर उनके नाबालिग पुत्र ने उसके बताए अनुसार, तीन अक्टूबर से लेकर सात अक्टूबर के बीच उनके बैंक खाते से अलग-अलग तारीखों को कई बार में एक लाख 95 हजार 752 रुपए व उनके पति के खाते से 86 हजार 500 रुपए उसे भेज दिया।
उन्होंने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि उनका लड़का अवयस्क है, जिसे समझ बूझ की कमी है। उसे झूठा प्रलोभन देकर विभिन्न नामों से रुपए की ठगी की गई है। इसलिए आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करते हुए उनकी ठगी की गई रुपए वापस दिलाने की मांग की है।

