समस्‍तीपुर

एक रेडियोलॉजिस्ट, सात चाइल्ड, छह मूर्च्छक व दो ईएनटी स्पेशलिस्ट चिकित्सकों का जिले में हुआ पदस्थापन

Samastipur : स्वास्थ्य विभाग ने अलग-अलग अधिसूचना जारी कर बिहार तकनीकी सेवा आयोग, पटना द्वारा अनुशंसित निम्नांकित अभ्यर्थियों (विशेषज्ञ चिकित्सकों) को बिहार स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के अन्तर्गत 16 चिकित्सकों को जिले में पदस्थापित किया है। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी (रेडियोलॉजिस्ट), शिशु रोग विशेषज्ञ, विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी (मूर्च्छक) एवं ईएनटी विशेषज्ञ चिकित्सकों को मूल कोटि के पद पर पुनरीक्षित वेतनमान के 11वें स्तर के वेतनमान में राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर स्वीकृत जीवन यापन भत्ता एवं अन्य देय भत्तों के साथ प्रभार ग्रहण की से परिवीक्षा पर पूर्णतः औपबंधिक रूप से नियुक्त करते हुए विभिन्न जिलों में पदस्थापित किया है।

इसके तहत रेडियोलॉजिस्ट डॉ राज किशोर साहा को समस्तीपुर सदर अस्पताल, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ जयंत राज को सीएचसी हसनपुर, डॉ अजय कुमार को सीएचसी सिंघिया, डॉ दीपिका सिंह को पीएचसी बिथान, डॉ अजीत कुमार सिंह को सीएचसी कल्याणपुर, डॉ कुमारी रजनी को सीएचसी उजियारपुर, डॉ सोनू कुमार पीएचसी दलसिंहसराय एवं डॉ आशा कुमारी सदर अस्पताल में पदस्थापित किया गया है। वहीं, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ संध्या को सदर अस्पताल एवं डॉ नवनीत कुमार नवनीत को अनुमण्डलीय अस्पताल पटोरी में पदस्थापित किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने बिहार तकनीकी सेवा आयोग से अनुशंसित अभ्यर्थियों को विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारी (मूर्च्छक) पद पर परिवीक्षा आधार पर नियुक्त किया है। इसके तहत डॉ. उजमा रेहान को श्रीरामजानकी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, डॉ. माधुरी कुमारी को सीएचसी उजियारपुर, डॉ. राजू कुमार चौधरी को सदर अस्पताल, डॉ. विनय कुमार को पीएचसी ताजपुर, डॉ. इन्द्रेश कुमार गौतम को सीएचसी मोहिउद्दीननगर एवं डॉ तुलिका सिंह को सदर अस्पताल में पदस्थापित किया गया है।

जारी अधिसूचना के अनुसार, नियुक्ति पुलिस सत्यापन व शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की जांच पर निर्भर होगी। गलत दस्तावेज या प्रतिकूल रिपोर्ट मिलने पर सेवा समाप्त कर दी जाएगी। नवनियुक्त चिकित्सकों को स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र प्रस्तुत कर 30 दिन के भीतर योगदान देना होगा। सेवा पुष्टि सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुरूप होगी। परिवीक्षा अवधि में अवकाश विभाग की अनुमति से ही मिलेगा। चिकित्सक सुरक्षा सेवा संबंधी दायित्व निभाने व विभागीय प्रशिक्षणों में भाग लेने को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *