महिलाओं को बहला-फुसलाकर रेडलाइट एरिया में बेचने वाला समस्तीपुर का युवक बेगूसराय में गिरफ्तार
वेश्यावृत्ति के लिए 15 से 30 हजार रुपए में देता था बेच, गिरोह में आधा दर्जन महिला-पुरुष शामिल
महिलाओं को बहला फुसलाकर रेडलाइट एरिया में बेचने के आरोप में बेगूसराय पुलिस में समस्तीपुर जिले के एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र के काशीपुर लखना चौक वार्ड नंबर 5 के स्व. विश्वनाथ यादव के पुत्र छोटू यादव उर्फ छोटू कुमार (26 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने एक महिला को बरामद किया है। बेगूसराय जिला पुलिस के द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आरोपी, लड़कियों एवं महिलाओं को बहला फुसलाकर अपहरण कर वेश्यावृत्ति के लिए रेडलाइट एरिया में बेच देता था।
पुलिस कार्यालय ने इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मामले की जानकारी दी है। प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि बखरी पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक अनजान युवक एक लड़की को बेचने की फिराक में अधिक रुपया के लिए जगह जगह मोल भाव कर नदेल घाट सहित अन्य जगहों का चक्कर लगा रहा है। जो पुरानी दुर्गा स्थान बखरी बाजार के पास लड़की के साथ है। जिसकी जानकारी वरीय पुलिस अधिकारी को दी गई। एसपी मनीष के निर्देश पर एसडीपीओ कुंदन कुमार के नेतृत्व में टीम बना कर छापामारी किया गया।
जब पुलिस टीम घटनास्थल पहुंची तो पाया कि गंगाराम मिठाई दुकान के पास डरी सहमी एक महिला बैठी हुई है। पूछताछ करने पर उसने बताया कि पति से तंग आकर वह घर से निकली थी। जिसे साथ बैठे इस लड़के ने बहला फुसलाकर ले आया है और उसे बेचने की फिराक में लगा हुआ है। कड़ाई से पूछताछ करने पर गिरफ्तार छोटू ने बताया कि उसके गिरोह के लोग बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर घर से भागी हुई या भटकी हुई लड़कियों को प्रलोभन देकर बहला फुसलाकर विभिन्न शहरों के रेडलाइट एरिया में 15 से 30 हजार रुपए में बेच देते हैं। अपने स्वीकारोक्ति बयान में युवक ने यह भी बताया कि अब तक बखरी, किशनगंज, गुलाब बाग पूर्णिया रेड लाइट एरिया में करीब एक दर्जन महिलाओं और लड़कियों को अपना शिकार बनाकर बेच चुके हैं। उसने बताया कि इसके गिरोह में कुल मिलाकर आधा दर्जन महिला पुरुष इस अनैतिक कार्य को अंजाम देने में शामिल हैं।
इधर एसडीपीओ कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस मानव तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगालकर ध्वस्त करने की तैयारी में जुट गई है। इस अनैतिक नेटवर्क में धंधे से जुड़े कई सफेदपोश लोग भी शामिल हैं। जिन्हें पुलिस राडार पर रखी हुई है।

