बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पुलिस कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
Samastipur : आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए समस्तीपुर पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है। एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी और साइबर डीएसपी दुर्गेश दीपक के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निर्देश में कहा गया है कि क्रिटिकल मतदान केंद्रों को चिह्नित कर उन पर विशेष नजर रखी जाए। चुनाव से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने और आर्म्स एक्ट से संबंधित कांडों पर तेजी से कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है। साथ ही सम्मन, वारंट, इश्तेहार एवं कुर्की की प्रक्रिया को भी तेज करने पर बल दिया गया।
चुनावी माहौल में शांति बनाए रखने के लिए शहरी क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाले जाएंगे, ताकि आम जनता में विश्वास और असामाजिक तत्वों में भय का माहौल बने। इसके अलावा जब्त शराब को हर हाल में विनष्ट करने का निर्देश दिया गया है। लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। इसी क्रम में चुनाव और दुर्गा पूजा 2025 को लेकर सुरक्षा प्रबंधों पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। बीते दिनों पटना स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनरों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें समस्तीपुर समेत सभी जिलों के पुलिस पदाधिकारी जुड़े थे।
प्रशिक्षण में चुनावी आचार संहिता, विधि-व्यवस्था, मतदान केंद्रों की सुरक्षा, ईवीएम और वीवीपैट की निगरानी, मतपेटियों की सुरक्षित ढुलाई, सोशल मीडिया पर नजर और अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निष्पक्ष चुनाव कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

