पेंशन संघर्ष महारैली में समस्तीपुर से बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान
NPS-UPS के विरोध और पुरानी पेंशन योजना (OPS) को बहाल करने की मांग को लेकर 14 सितंबर को पटना के मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित होने वाली पेंशन संघर्ष महारैली में जिले से बड़ी भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए एनएमओपीएस के जिलाध्यक्ष अजय कुमार ने शुक्रवार को कर्मियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कर्मियों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि पुरानी पेंशन की मांग अब जन आंदोलन का रूप ले चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 2005 से कर्मियों का सहारा पुरानी पेंशन बंद कर दिया और उसकी जगह एनपीएस-यूपीएस लागू कर दिया, जो कर्मियों के साथ एक क्रूर मजाक है। जबकि सांसद और विधायक चाहे एक दिन भी पद पर रहें, उन्हें चार-चार पेंशन मिलती है, वहीं वर्षों की सेवा देने वाले कर्मियों को बुढ़ापे में दर-दर की ठोकरें खाने के लिए छोड़ दिया जाता है।
बैठक में मौजूद जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. विशाल कुमार ने कहा कि एनपीएस-यूपीएस कर्मी और पदाधिकारियों के हित में नहीं है। लिपिक पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि सभी कर्मी-पदाधिकारी ओपीएस के लिए एकजुट हैं। वहीं सिजय कुमार ने कहा कि संवैधानिक ढंग से आंदोलन कर सरकार से पुरानी पेंशन बहाल करवा कर रहेंगे। मौके पर सुमित कुमार, चंदन कुमार सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। अजय कुमार ने कहा कि समस्तीपुर जिले के सभी कर्मी और पदाधिकारियों का सहयोग ही इस आंदोलन को सफल बनाएगा। उन्होंने सभी से 14 सितंबर को पटना में होने वाली महारैली में शामिल होने का आह्वान किया।

